इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 अब अपने अंतिम और सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच चुका है। इस सीजन के सभी लीग मैच पूरे हो चुके हैं और अब दर्शकों को प्लेऑफ के मुकाबलों का इंतज़ार है। IPL 2025 में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली चार टीमों ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है।
इस बार जिन टीमों ने प्लेऑफ में जगह बनाई है, उनमें मुंबई इंडियंस, गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और पंजाब किंग्स शामिल हैं। मुंबई इंडियंस ने चौथी टीम के रूप में अंतिम चार में एंट्री ली है। गौरतलब है कि RCB और पंजाब किंग्स ने अभी तक एक भी आईपीएल खिताब अपने नाम नहीं किया है। ऐसे में दोनों ही टीमों के लिए यह सुनहरा मौका है कि वे इतिहास रचें और पहली बार खिताब अपने नाम करें।

कब और कहां होंगे प्लेऑफ मुकाबले?
IPL 2025 के प्लेऑफ मुकाबले 29 मई से शुरू होंगे। पहला क्वालिफायर 29 मई को मोहाली के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में अंक तालिका की शीर्ष दो टीमों के बीच खेला जाएगा। इसके अगले दिन यानी 30 मई को एलिमिनेटर मुकाबला तीसरे और चौथे नंबर की टीमों के बीच इसी मैदान पर होगा।
दूसरा क्वालिफायर 1 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसमें क्वालिफायर 1 में हारने वाली टीम और एलिमिनेटर मुकाबला जीतने वाली टीम के बीच भिड़ंत होगी। फाइनल मुकाबला 3 जून को अहमदाबाद के इसी स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें दोनों क्वालिफायर मुकाबले जीतने वाली टीमें आमने-सामने होंगी।
IPL 2025 विजेता टीम को कितनी इनामी राशि मिलेगी?
क्रिकेट प्रेमियों के मन में इस समय सबसे बड़ा सवाल यही है कि IPL 2025 की चैंपियन टीम को कितनी धनराशि इनाम के रूप में दी जाएगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस बार खिताब जीतने वाली टीम को बीसीसीआई द्वारा 20 करोड़ रुपए की इनामी राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, उपविजेता टीम को 12.5 करोड़ रुपए की इनामी राशि मिलेगी।
तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 7 करोड़ रुपए और चौथे स्थान पर आने वाली टीम को 6.5 करोड़ रुपए का इनाम दिया जाएगा।
कौन सी टीम है सबसे प्रबल दावेदार?
अगर रिकॉर्ड्स की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने अब तक 5 बार खिताब जीता है। गुजरात टाइटंस ने भी एक बार ट्रॉफी अपने नाम की है। इस बार RCB और पंजाब किंग्स भी खिताब के लिए पूरी ताकत झोंक रही हैं। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब 3 जून को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं।
