फिर सतर्क कर रहा कोरोना: दिल्ली से केरल तक बढ़े केस, सरकारें अलर्ट

एक बार फिर देश में कोरोना संक्रमण ने दस्तक दे दी है। दिल्ली, केरल, कर्नाटक, गुजरात और हरियाणा समेत कई राज्यों में कोविड-19 के नए मामलों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। फिलहाल पूरे देश में कुल 312 सक्रिय कोरोना केस दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में दिल्ली से 23, महाराष्ट्र से 56, गुजरात से 33 और केरल से सबसे ज्यादा 95 मामले सामने आए हैं।

फिर सतर्क कर रहा कोरोना: दिल्ली से केरल तक बढ़े केस, सरकारें अलर्ट

किस राज्य में कितने मामले?

स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्यों में कोरोना मामलों की संख्या इस प्रकार है:

दिल्ली : 23

महाराष्ट्र : 56

गुजरात : 33

केरल : 95

कर्नाटक : 16

तमिलनाडु : 66

पुडुचेरी : 10

हरियाणा : 5

उत्तर प्रदेश : 4

पश्चिम बंगाल : 1

सिक्किम : 1

दिल्ली में हालात और सरकारी तैयारी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोविड-19 के 23 नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सरकार ने सभी सरकारी व निजी अस्पतालों को सतर्क रहने और जांच व निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं।

अस्पतालों में अब सभी स्टाफ और मरीजों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही सभी अस्पतालों को दवाइयों, बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर और वेंटिलेटर की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया गया है।

गाजियाबाद में भी बढ़ी सतर्कता

गाजियाबाद जिले में कोरोना संक्रमण के चार नए मामले सामने आए हैं। इनमें बृज विहार क्षेत्र की 18 वर्षीय युवती भी शामिल है, जिसे 18 मई 2025 से खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत थी। परिजनों द्वारा लक्षण दिखने पर युवती को यशोदा अस्पताल, कौशांबी में भर्ती कराया गया। जांच के बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।

इसके अलावा, वसुंधरा निवासी एक दंपती जो 13 मई 2025 को बेंगलुरु से गाजियाबाद लौटे थे, उनमें भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। दोनों को हल्की सर्दी और गले में खराश की शिकायत थी। कोविड-19 टेस्ट के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग ने इनके संपर्क में आए लोगों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी है और इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। विभाग द्वारा संक्रमित मरीजों की निगरानी की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है।

हरियाणा और गुजरात में भी बढ़े मामले

हरियाणा में भी पिछले 48 घंटों में 5 नए केस सामने आए हैं। रोहतक के पीजीआई में बेड रिजर्व किए गए हैं और स्क्रीनिंग की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। गुजरात में अहमदाबाद में बीते दिन 20 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे राज्य में भी चिंता बढ़ गई है।

नया वैरिएंट बना चिंता का कारण

देशभर में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के पीछे एक नया वैरिएंट JN.1 और उसके सब-वैरिएंट्स LF7 और NB1.8 को जिम्मेदार माना जा रहा है। हालांकि, अभी तक इस वैरिएंट की गंभीरता या खतरनाक स्तर के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बरतने और लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।

सरकार ने एडवायजरी जारी की

दिल्ली सरकार समेत कई राज्यों ने कोविड-19 को लेकर एडवायजरी जारी कर दी है। अस्पतालों को दवा, ऑक्सीजन बेड, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन मास्क, कंसेंट्रेटर और ऑक्सीजन प्लांट तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अस्पतालों को कोरोना जांच और पॉजिटिव मरीजों की जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भी निर्देशित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *