हाउसफुल-5 की रिलीज के दिन डिनो मोरिया के घर ED की रेड, जानिए पूरा मामला

बॉलीवुड अभिनेता डिनो मोरिया इन दिनों मीठी नदी घोटाले को लेकर मुश्किलों में फंसते नजर आ रहे हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग और घोटाले की जांच के सिलसिले में डिनो मोरिया समेत बीएमसी के असिस्टेंट इंजीनियर प्रशांत रामुगड़े और अन्य कई लोगों की संपत्तियों पर छापेमारी की है। ईडी ने मुंबई और आसपास के कुल 15 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की, जिनमें डिनो मोरिया का बांद्रा स्थित घर भी शामिल रहा।

यह रेड मीठी नदी की सफाई से जुड़े एक प्रोजेक्ट में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर हो रही है। ईडी की टीम ने इस दौरान जरूरी दस्तावेज और सबूत जुटाने का काम किया। पैसे के लेन-देन में कोई अनियमितता हुई है या नहीं, इसका पता लगाने के लिए ये कार्रवाई की गई। दिलचस्प बात यह है कि ठीक इसी दिन डिनो मोरिया की फिल्म ‘हाउसफुल-5’ भी सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, जिससे अभिनेता की परेशानी और बढ़ गई है।

हाउसफुल-5 की रिलीज के दिन डिनो मोरिया के घर ED की रेड, जानिए पूरा मामला

क्या है पूरा मामला?

यह मामला मुंबई की मीठी नदी से गाद निकालने के प्रोजेक्ट से जुड़ा है, जो पिछले करीब 20 वर्षों से चल रहा है। इस परियोजना के लिए लगभग 1100 करोड़ रुपये का ठेका दिया गया था। शुरुआती जांच में सामने आया कि इस काम को अंजाम देने के लिए 18 ठेकेदारों को जिम्मेदारी दी गई थी।

बाद में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने आरोप लगाया कि उपकरण किराए पर लेने और अन्य खर्चों में भारी वित्तीय गड़बड़ियां की गईं। इसी के चलते सरकारी खजाने को लगभग 65 करोड़ 54 लाख रुपये का नुकसान हुआ। इसी मामले की जांच में अब ईडी सक्रिय हो गई है और मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका के तहत छापेमारी कर रही है। बता दें कि मीठी नदी मुंबई की एक महत्वपूर्ण नदी है, जो अरब सागर में मिलती है और लंबे समय से गाद और बाढ़ की समस्या से जूझ रही है।

डिनो मोरिया से पहले भी हो चुकी है पूछताछ

इस मामले को लेकर मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) पहले ही डिनो मोरिया से दो बार पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा अभिनेता को समन भी भेजा गया था। अब ईडी ने उनके आवास पर रेड डाल दी है, जिससे मामला और गंभीर होता दिख रहा है।

मॉडलिंग से फिल्मों तक का सफर

डिनो मोरिया ने अपने करियर की शुरुआत एक फैशन मॉडल के रूप में की थी। इसके बाद 1999 में फिल्म ‘प्यार में कभी कभी’ से बॉलीवुड में कदम रखा। अपने करियर में वे अब तक 50 से अधिक फिल्मों में नजर आ चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो डिनो मोरिया, शिवसेना (UBT) के नेता आदित्य ठाकरे के करीबी माने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *