इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के माहौल को देखते हुए भारत सरकार ने दोनों देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। इजराइल द्वारा ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमले के बाद हालात युद्ध जैसे बन गए हैं। ऐसे में भारतीय दूतावास ने वहां रहने वाले भारतीयों को सतर्क रहने और सुरक्षा से जुड़ी गाइडलाइंस का पालन करने की सलाह दी है।

ईरान में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि सभी भारतीय अनावश्यक यात्रा से बचें और आसपास के हालात पर नजर रखें। इसके साथ ही, दूतावास ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे दूतावास के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर जारी अपडेट पर ध्यान दें और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी किए गए सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें।
इजराइल में भी अलर्ट, भारतीयों को दी गई हिदायत
ईरान द्वारा इजराइल पर जवाबी हमले की चेतावनी देने के बाद, इजराइल में रह रहे भारतीयों के लिए भी एडवाइजरी जारी कर दी गई है। दूतावास ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने, गैर जरूरी यात्रा से परहेज करने और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में न जाने की अपील की है। इसके अलावा, सभी से कहा गया है कि वे आपात स्थिति में दूतावास द्वारा जारी किए गए नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट्स से संपर्क बनाए रखें।
ऑपरेशन ‘राइजिंग लॉयन’: इजराइल का बड़ा कदम
ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकने के इरादे से इजराइल ने ‘ऑपरेशन राइजिंग लॉयन’ की शुरुआत कर दी है। इस ऑपरेशन के तहत इजराइली सेना ने ईरान के कई परमाणु केंद्रों, जिनमें नतांज प्रमुख है, पर हमला किया है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बताया कि ईरान परमाणु बम बनाने की कगार पर पहुंच चुका था, जिसे रोकने के लिए यह सैन्य कार्रवाई जरूरी थी।
इजराइली रक्षा बल (IDF) के प्रवक्ता बीजी एफी ड्रोफिन ने जानकारी दी कि इस हमले का मकसद ईरान के परमाणु हथियार कार्यक्रम को नुकसान पहुंचाना और इजराइल की सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। IDF ने तड़के सटीक हमले कर ईरानी ठिकानों को निशाना बनाया ताकि आगे ईरान परमाणु बम बनाने की स्थिति में न आ सके।
भारतीयों के लिए सुझाव
दोनों देशों में रह रहे भारतीयों को फिलहाल बेहद सतर्क रहने, भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचने और दूतावास द्वारा जारी की गई एडवाइजरी का सख्ती से पालन करने की जरूरत है। भारतीय दूतावास अपने नागरिकों के लिए लगातार अपडेट दे रहा है, जिसे समय-समय पर चेक करना चाहिए।
