हनीमून बना खूनी साज़िश का मैदान: सोनम ने कराया पति राजा रघुवंशी का मर्डर, मेघालय DGP का खुलासा

मेघालय में हनीमून मनाने पहुंचे इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में मेघालय पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

मेघालय पुलिस प्रमुख आई नोंग्रांग ने बताया कि हत्या की साजिश पहले से ही रची गई थी। इसके लिए पेशेवर हत्यारों को हायर किया गया था। डीजीपी के अनुसार, एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से और दो अन्य को इंदौर से पकड़ा गया है। वहीं, मुख्य साजिशकर्ता सोनम ने नंदगंज थाना (यूपी) में सरेंडर किया, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

हनीमून बना खूनी साज़िश का मैदान: सोनम ने कराया पति राजा रघुवंशी का मर्डर, मेघालय DGP का खुलासा

टूर गाइड की गवाही बनी अहम कड़ी

7 जून 2025 को एक टूर गाइड ने पुलिस को जानकारी दी कि राजा और सोनम के साथ तीन अनजान लोग भी थे, जब वे मेघालय के सोहरा इलाके में घूमने गए थे। गाइड की यह गवाही मामले में अहम सबूत साबित हुई और इसी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज की।

सीएम संगमा का ट्वीट

मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने इस मामले को लेकर ट्वीट करते हुए पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने लिखा कि पुलिस ने इस जघन्य हत्या मामले में तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। महिला आरोपी ने आत्मसमर्पण कर दिया है और एक अन्य की तलाश जारी है।

कब और कैसे हुआ हनीमून का ये खौफनाक अंत

इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की शादी 11 मई 2025 को सोनम रघुवंशी से हुई थी। दोनों शादी के बाद हनीमून मनाने शिलांग पहुंचे। 20 मई को दोनों मेघालय पहुंचे थे और 23 मई को परिजनों से उनकी अंतिम बार बातचीत हुई। इसके बाद दोनों के मोबाइल स्विच ऑफ हो गए।

24 मई 2025 को उनकी किराए पर ली गई स्कूटी सोहरारिम इलाके में लावारिस हालत में मिली थी। इसके बाद 2 जून को वेई सॉडोंग वॉटरफॉल के पास एक गहरी खाई में राजा रघुवंशी का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। शव की हालत देखकर साफ जाहिर हुआ कि हत्या कई दिन पहले की गई थी।

पत्नी सोनम का तब से कोई पता नहीं था, जिससे परिवार वालों को अपहरण या तस्करी की आशंका होने लगी थी। पुलिस लगातार जांच में जुटी थी और अब सोनम के गाजीपुर में पकड़े जाने के बाद पूरा मामला सामने आ गया है।

अब आगे क्या?

पुलिस सोनम और अन्य गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है, ताकि यह जान सकें कि हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी। जांच में यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं इसका कारण आपसी पारिवारिक विवाद तो नहीं था या फिर संपत्ति से जुड़ा मसला। इस हनीमून मर्डर केस ने पूरे इंदौर और मेघालय को हिला कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *