भारत और पाकिस्तान के बीच इस समय हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले और भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद दोनों देशों के रिश्तों में और खटास आ गई है। इस बीच एक ऐसा वाकया सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।
दरअसल, दुबई में रहने वाले भारतीय केरल समुदाय ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट कप्तान शाहिद अफरीदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। अफरीदी, जो अक्सर भारत और भारतीय सेना के खिलाफ विवादित बयान देने के लिए बदनाम रहे हैं, उन्हें यूएई में एक कार्यक्रम में बुलाया गया।

दुबई के कार्यक्रम में अफरीदी के स्वागत के लगे नारे
25 मई को दुबई में CUBAA नामक केरल समुदाय की कम्यूनिटी का एक सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। इस आयोजन में जैसे ही शाहिद अफरीदी पहुंचे, मौजूद लोगों ने अपना सांस्कृतिक प्रस्तुतीकरण रोककर ‘बूम-बूम’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। बता दें, ‘बूम-बूम’ अफरीदी का मशहूर उपनाम है जो उनके आक्रामक खेल के कारण पड़ा था।
अफरीदी को देखते ही हॉल में मौजूद लोग खुशी से झूम उठे। अफरीदी ने भी अपने अंदाज में मंच से कहा, “हो गया बूम-बूम।” यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और इसी के साथ विवाद भी खड़ा हो गया है।
सोशल मीडिया पर नाराज़गी, उठे सवाल
अफरीदी का यह स्वागत भारतीय लोगों को नागवार गुजरा है। सोशल मीडिया पर केरल समुदाय के इस रवैये की कड़ी आलोचना हो रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जो व्यक्ति खुलेआम भारत और भारतीय सेना के खिलाफ बयान देता है, उसका भारतीय समुदाय द्वारा यूं स्वागत करना कहां तक सही है?
अफरीदी के विवादित बयान और भारत सरकार की सख्ती
गौरतलब है कि क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से शाहिद अफरीदी लगातार भारत विरोधी बयान दे रहे हैं। हाल ही में उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भी भारतीय सेना के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
भारत सरकार ने भी इस पर सख्त कदम उठाते हुए अफरीदी के यूट्यूब चैनल समेत कई अन्य पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल्स को बैन कर दिया। इसमें शोएब अख्तर समेत कई पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों के चैनल भी शामिल थे, जो भारत के खिलाफ जहर उगलने का काम कर रहे थे।
फिलहाल, सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम को लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इस आयोजन को लेकर नाराज़गी जता रहे हैं और अपने-अपने तरीके से प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इस घटना ने दोनों देशों के बीच पहले से ही चल रहे तनाव को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
